उत्तराखंड चुनाव 2022: कांग्रेस को टक्कर देने के लिए भाजपा का बड़ा दांव, इस तरह भांपेगी जनता का मूड

img

देहरादून. उत्तराखंड विधानसभा चुनाव (Uttarakhand Assembly Election 2022) में कुछ ही महीने बाकी हैं। जिसे देखते हुए उत्तराखंड में सभी सियासी दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। विधानसभा चुनाव के रण में उतरने के लिए चिर प्रतिद्वंद्वी भाजपा (BJP) और कांग्रेस एक बार फिर आमने-सामने हैं। इसी बीच उत्तराखंड में सांगठनिक दृष्टि से पहले ही बढ़त ले चुकी भाजपा अब विजय संकल्प यात्रा के माध्यम से चुनावी माहौल बनाने में जुट गई है। इस यात्रा से वह एक तीर से कई निशाने भी साधेगी।

उत्तराखंड के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में निकलने वाली भाजपा संकल्प यात्रा के जरिए पार्टी जनता का मूड तो भांपेगी ही साथ ही सरकार के पांच साल के कामकाज की परख भी करेगी। यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रमों में उमडऩे वाली भीड़ और उसके पार्टी के प्रति झुकाव को लेकर आकलन किया जाएगा। यही नहीं, विधानसभा क्षेत्रों से टिकट की दावेदारी कर रहे किस नेता की कितनी जमीनी पकड़ है, इसका आकलन भी पार्टी करेगी।

बता दें, गढ़वाल मंडल के सभी 41 विधानसभा क्षेत्रों के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विजय संकल्प यात्रा के रथ रवाना कर चुके हैं। इसी तरह कुमाऊं मंडल के 29 विधानसभा क्षेत्रों में भेजे जाने वाले विजय संकल्प यात्रा के रथ रविवार को बागेश्वर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर रवाना करेंगे। विजय संकल्प यात्रा के दौरान प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बड़ी जनसभा के साथ ही तमाम छोटी-छोटी सभाएं, स्वागत कार्यक्रम, नुक्कड़ सभाओं के आयोजन होंगे। यात्रा में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय नेता भी समय-समय पर शामिल होंगे।

Related News