Uttarakhand: उप चुनाव खत्म होते ही CM ने की हाई-लेवल बैठक, अफसरों को दिए कई निर्देश

img

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में हुए उपचुनाव के खत्म होते ही सचिवालय में राज्य के विद्युत लोकपाल सुभाष कुमार, मुख्य सचिव डॉ एसएस संधु, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, आनंदबर्द्धन, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, आर मीनाक्षी सुन्दरम सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा बैठक की।

cm dhaami

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और ये यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की असुविधा का समाना न करना पड़े। साथ ही जरूरत पड़ने पर रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था में और अधिक सुधार किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य के वित्तीय संसाधनों को और अधिक बेहतर करने के प्रयास गम्भीरता से किये जाने की जरूरत है।

सबसे पहले तो ये देखा जाए कि किन-किन क्षेत्रों से वित्तीय संसाधन जुटाए जा सकते हैं। जैसे ऊर्जा के क्षेत्र में जलविद्युत् संसाधन महत्वपूर्ण हैं, सोलर सेक्टर पर भी फोकस किया जाए। धामी ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी का उत्तराखण्ड से विशेष लगाव है। यही वजह है कि उनके मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड के लिये बहुत सी महत्वपूर्ण विकास योजनाएं स्वीकृत हुई हैं और उन पर तेजी से काम भी हुआ है।

पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में फाइलों के निस्तारण के लिये समय सीमा निर्धारित करने और उसका अनुपालन करने के भी निर्देश दिए हैं। मीटिंग में सीएम धामी ने जमरानी बांध, राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रदेश में कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और मुखबिर तंत्र को और अधिक मजबूत करने के भी निर्देश दिये हैं।

Related News