UP Election 2022: अखिलेश यादव का बड़ा हमला- भाजपा से हर वर्ग परेशान, यूपी में होगा सफाया

img

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में अपने सहयोगी दल जनवादी जनक्रांति महारैली को संबोधित किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने केन्द्र और भाजपा की सरकार पर जमकर निशाना साधा। बता दें, जनवादी जनक्रांति पार्टी ने ईको गार्डन मैदान में एक विशाल रैली का आयोजन किया था। जिसमें जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के प्रदेश अध्यक्ष राम सुरेश चौहान, सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सभास्थल पर भारी भीड़ और भीड़ में लहराते झंडो का जिक्र करते हुए उन्होंने जनसमुदाय से आग्रह किया कि वे लोग चुनाव के दिन एक वोट अपने अपमान का बदला लेने के लिए और साइकिल की रफ्तार बढ़ाने के लिए दें।

अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के पास नफरत के सिवाय और कुछ नहीं है। वे इसी की राजनीति करते हैं। वे भाईचारा और गंगा जमुनी संस्कृति को खत्म करना चाहते है। भाजपा ने लोगों का हक और सम्मान छीना है और अपमानित किया है। इस बार सन् 2022 में होने वाला चुनाव ऐतिहासिक होगा। इसमें भाजपा की ऐतिहासिक हार होगी।

अखिलेश यादव ने कहा इस सरकार से हर वर्ग के लोग दुःखी हैं। इतना दुःख और तकलीफ किसी सरकार ने नहीं दी। भाजपा ने जनसामान्य को परेशान कर दिया है। बाबा साहेब ने जो सपना देखा था वो सपना पूरा नहीं हुआ। खुशहाली का सपना तब पूरा होगा जब आपकी सरकार बनेगी। उन्होंने कहा भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है। तीन काले कृषि कानून वापस हुए पर एमएसपी नहीं मिली।

अखिलेश ने कहा कि महंगाई रोकना भाजपा के बस में नहीं है, नौजवान बेरोजगारी का शिकार है। नौकरियां नहीं है। भाजपा के लोग उद्योगपतियों की मदद करते है। इन्होंने यूपी को विकास में पीछे कर बर्बाद कर दिया है। इस बार जनता इन्हें बदल देगी। यूपी का सीएम बदल देगी।

इस दौरान जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के अध्यक्ष डॉ0 संजय चौहान ने अपने समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि भाजपा को सबक सिखाने के लिए अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। भाजपा वोट लेती है, हिस्सेदारी नहीं देती है। भाजपा सामाजिक न्याय नहीं चाहती है। अखिलेश जी ने हमारे समाज को सम्मान दिया है। भाजपा नहीं चाहती है कि चौहान समाज का कोई नेता हो।

Related News