UP: अखिलेश यादव ने जनता से किया बड़ा वादा, सरकार बनने पर 300 यूनिट फ्री बिजली और सिंचाई मुफ्त

img

लखनऊ. प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों की ओर से प्रदेश की जनता से घोषणाओं और वादों का दौर जारी है। इसी क्रम में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने प्रदेश की जनता से बड़ा वादा किया है। अखिलेश यादव ने प्रदेश की जनता से 300 यूनिट घरेलू बिजली और किसानों की सिंचाई मुफ्त का वादा किया है। इसके साथ ही किसान आंदोलन में सभी मृतक किसानों के परिवारों को 25-25 लाख की मदद दी जाएगी। मृतक किसानों के सम्मान में स्मारक भी बनेगा।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज मीडिया से बातचीत में कहा कि जिस दिन गाजीपुर से हमारा रथ चल कर लखनऊ पहुंचा था, उसी दिन भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा करंट लगा और अगले दिन ही उन्होंने किसानों के खिलाफ तीनों काले कानूनों को वापस ले लिया। नए वर्ष पर 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देने का फैसला लिया तो हमने सारी चीजों का आकलन करने के बाद यह किया है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने अगर अच्छे से काम किया होता तो बिजली की कमी नहीं होती और समय से पावर प्लांट तैयार हो जाते।

अपराधियों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा अपराधी बीजेपी में है। भाजपा के ज्यादा विधायकों पर आपराधिक मुकदमे हैं। भाजपा ने आपराधिक मुकदमे वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया है। ये मुख्यमंत्री तो भाजपा के सदस्य भी नहीं हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा बहुत झूठ बोलती है। इससे ज्यादा झूठी कोई पार्टी नहीं हो सकती है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार आपस में टकरा रही है। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। यह सरकार किसानों के खिलाफ है। सांड़ सड़कों पर घूम रहे हैं। किसानों की खेती बर्बाद कर रहे हैं। यह मुख्यमंत्री सांड़ भी नहीं पकड़वा पा रहे हैं। किसानों को खाद, बिजली, नहीं मिल रही है। डीजल नहीं मिल रहा है। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी जाति, धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। जो लोग गलत भाषा का प्रयोग कर रहे हैं उन्हें जेल भेजना चाहिए।

Related News