भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदलने की अफवाह तेज, हैरान हुए पार्टी के नेता

img

देहरादून। उत्तराखंड के राजनीतिक हलकों और सोशल मीडिया में गुरूवार को अचानक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को बदले जाने की अफवाह फ़ैल गई जिससे बीजेपी के कई पदाधिकारी भी हैरान रह गए। दिल्ली में बीते बुधवार को भाजपा के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी हुई मीटिंग को भी प्रदेश संगठन में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना से जोड़कर देखा गया। हालांकि, भट्ट ने इसे सामान्य शिष्टाचार भेंट बताया।

madan kaushik
बता दें कि वर्तमान में प्रदेश भाजपा की कमान वरिष्ठ नेता मदन कौशिक के हाथों में है। कौशिक हरिद्वार से पार्टी के विधायक भी हैं। विधानसभा चुनाव के बाद से कौशिक के स्थान पर गढ़वाल मंडल के किसी ब्राह्मण नेता को प्रदेश में पार्टी की कमान सौंपे जाने की चर्चा गर्म है। हालांकि कुछ समय से इन चर्चाओं का बाजार थम गया था लेकिन अब अचानक पार्टी द्वारा प्रदेश अध्यक्ष को बदले जाने की अफवाह फिर से फ़ैल गई। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी इस अफवाह को सुनकर हैरान रह गए।

उनका मानना है कि संगठन के स्तर पर अभी संगठन में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई हलचल नहीं है। वहीं हर किसी की दिलचस्पी यह जानने में लगी रही कि प्रदेश अध्यक्ष को बदले जाने की अफवाह किसके माध्यम से फैलाई गई। वहीं प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी संगठन में नेतृत्व परिवर्तन की किसी भी तरह की संभावना को लेकर अनभिज्ञता जताई। इसे साथ ह पार्टी के एक अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी ने भी इसे महज अफवाह बताया है।

Related News