Kedarnath Dham: मानसून में भी हेली सेवाओं का लाभ ले सकेंगे श्रद्धालु

img

देहरादून। मानसून सीजन में भी केदारनाथ धाम जाने के लिए अब श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर की सुविधा मिलेगी। हिमालयन कंपनी की तरफ से 30 जून के बाद भी केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को हेली सेवाएं मुहैया कराइ जाएगी जबकि पांच जुलाई तक आर्यन एविएशन की तरफ से भी केदारनाथ धाम में हेली सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

KEDARNATH DHAM
सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने बताया कि इससे पहले हेली कंपनियों की ओर से मानसून के दौरान केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा रोक दी जाती थी। ऐसे में यह एक सकारात्मक कदम है कि अब बारिश के दिनों में भी तीर्थयात्रियों को हेली सेवा का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि हेली सेवा के लिए जरूरी मानकों का पालन करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

गौरतलब है कि केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को रुदप्रयाग जिले के गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से हेली सेवा मिलती है। यहां से नौ कंपनियों के माध्यम से हेली सेवा का संचालन किया जाता है। ऐसा पहली बार होगा जब मानसून में भी श्रद्धालुओं को हेली सेवा का लाभ मिलेगा। हिमालयन कंपनी की ओर से मानसून में भी उड़ान भरने के लिए मौसम अनुकूल रहने की दशा में एक दिन में 30-40 शटल संचालित की जाएंगी। इससे रोजाना लगभग 200 से 250 तीर्थयात्री लाभान्वित होंगे।

Related News