Hijab Controversy के चलते कांग्रेस में छिड़ रहा आपसी विवाद, प्रियंका ने दिया ये जवाब

img

नई दिल्‍ली। कर्नाटक के हिजाब विवाद पर कांग्रेस के दो नेताओं प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के मतों में भेद नजर आ रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस विवाद पर ट्वीट कर भाजपा पर महिलाओं को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। वहीं, राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे पर विपक्ष को राजनीति न करने की हिदायत दी है। खड़गे ने बुधवार को कहा कि कर्नाटक सरकार को हिजाब विवाद को सुलझाना चाहिए और विपक्षी दलों को राजनीतिक लाभ के लिए विवाद का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। बता दें कि मल्लिकार्जुन खड़गे भी कर्नाटक से ही आते हैं।

Piryanka Gandhi On Hijab Controversy

कांग्रेस नेताओं में किसी मुद्दे पर मतभेद होना कोई नई बात नहीं है। कांग्रेस अध्‍यक्ष रहे राहुल गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बीच कई मुद्दों पर मतभेद रहे, जिनसे पार्टी की काफी आलोचना होती रही है। इस बार हिजाब विवाद पर भी प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। ऐसे में भाजपा को एक बार फिर कांग्रेस पर हमला करने का एक मौका मिल गया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘राज्‍य सरकार को इस मुद्दे पर स्‍वयं निर्णय लेना चाहिए। सरकार को नियमों के अनुसार, हिजाब विवाद को सुलझाना चाहिए। विपक्षी दलों को राजनीतिक लाभ के लिए हिजाब विवाद का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।’ मलिकार्जुन ने कहा कि अगर कोई छात्र अनुशासन तोड़ता है या नियमों के खिलाफ कोई काम करता है, तो सरकार को अनुदान बंद कर देना चाहिए।

प्रियंका गांधी एक तरफ कह रही हैं कि बिकिनी हो, घूंघट हो या फिर जींस या फिर हिजाब, यह महिला को तय करना है कि उसे क्या पहनना है। यह हक उनको भारत के संविधान ने दिया है। महिलाओं को प्रताड़ित करना बंद करो। दूसरी ओर मल्लिकार्जुन खड़गे कह रहे हैं कि अगर कोई छात्र अनुशासन तोड़ता है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए। हालांकि, कांग्रेस नेता ने कहा कि लड़कियां लंबे समय से हिजाब पहनकर स्कूल-कॉलेजों में जा रही हैं। कर्नाटक बहु-संस्कृति प्रथा वाला राज्य है लेकिन इस विवाद के पीछे कुछ राजनीतिक दल हैं।

बता दें कि कर्नाटक में हिजाब विवाद इतना बढ़ गया है कि राज्य सरकार ने तीन दिनों के लिए कॉलेज और हाई स्कूल बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। कर्नाटक हाई कोर्ट हिजाब विवाद पर लगातार दूसरे दिन बुधवार को फिर से सुनवाई करेगा।

Related News