Delhi : केजरीवाल सरकार की शराब नीति के खिलाफ बीजेपी का चक्का जाम, आइटीओ के पास 5 किमी का लंबा जाम

img

नई दिल्ली. दिल्ली की केजरीवाल सरकार की शराब नीति के खिलाफ बीजेपी ने देश की राजधानी दिल्ली में चक्का जाम कर दिया है। केजरीवाल सरकार की शराब नीति के खिलाफ बीजेपी ने सोमवार को प्रदर्शन कर कई जगहों पर चक्का जाम कर दिया है। चक्का जाम के तहत सुबह नौ बजे से ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर गए। इसके चलते दिल्ली में 15 जगहों पर जाम लग गया है।

भारी संख्या में सड़कों पर उतर भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से वाहन चालकों को बहुत दिक्कत आ रही है। आइटीओ चौराहे पर प्रदर्शन और चक्का जाम के कारण विकास मार्ग पर मध्य दिल्ली की ओर आने वाली लेन पर तकरीबन 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का असर दिल्ली-यूपी सीमा पर भी नजर आने लगा है। गाजियाबाद में यूपी गेट पर भी जाम के चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई जगह सड़कों पर खड़ी बसों के टायरों के हवा निकाल दी। इसके कारण भी कई जगहों पर जाम लग गया। साउथ एक्सटेंशन इलाके में दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के कारण रिंग रोड पर जाम लग गया। सिग्नेचर ब्रिज पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से उत्तर पूर्वी दिल्ली जिले की तरफ से चक्का जाम किया गया है। इसकी वजह से वजीराबाद रोड भी भयंकर जाम लगा है।

Related News