नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बीजेपी के इन दिग्गज नेताओं को किया गया बाहर, लखीमपुर कांड पर उठाया था सवाल

img
2022 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर दी है। भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 80 सदस्य शामिल हैं, जिस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुरली मनोहर जोशी का नाम भी शामिल है। इतना ही नहीं, लिस्ट में लालकृष्ण आडवाणी को भी शामिल किया गया है, मगर वरुण गांधी का नाम कहीं नहीं है।
वहीँ सिर्फ वरुण गांधी ही नहीं, उनकी मां मेनका गांधी को भी नई कार्यकारिणी में शामिल नहीं किया गया है। दरअसल, जब आज भाजपा ने 80 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित की तो सबकी नजर इस बात पर गई कि इसमें वरुण गांधी का नाम नहीं है। बीते कुछ समय से वरुण गांधी न सिर्फ केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते रहे हैं, बल्कि लखीमपुर खीरी कांड को लेकर भी योगी सरकार के खिलाफ लगातार मुखर रहे हैं।
आपको बता दें कि लखीमपुर खीरी कांड में वरुण गांधी हर दिन ट्वीट कर-करके योगी सरकार पर दबाव बनाते नजर आए हैं। पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी ने आज भी लखीमपुर कांड का नया वीडियो सामने आने के बाद ट्वीट किया था और अपनी ही सरकार को घेरते हुए लिखा था- यह वीडियो बिल्कुल शीशे की तरह साफ है। प्रदर्शनकारियों का मर्डर करके उनको चुप नहीं करा सकते हैं। निर्दोष किसानों का खून बहाने की घटना के लिए जवाबदेही तय करनी होगी। हर किसान के दिमाग में उग्रता और निर्दयता की भावना घर करे इसके पहले उन्हें न्याय दिलाना होगा।’
Related News