Kedarnath Dham के पास फिर हुआ हिमस्खलन, देखें डरा देने वाला वीडियो 

img

देहरादून।  उत्तराखंड में बाबा केदारनाथ धाम में एक बार फिर से  बर्फ का पहाड़ गिरने की खबर आई है। यहां आज यानी शनिवार सुबह छह बजे चोराबाड़ी से तीन किमी ऊपर बर्फ का पहाड़ खिसका।हिमालय क्षेत्र में केदारनाथ मंदिर के पास बर्फ का पहाड़ भरभरा कर गिर गया। राहत की बात ये है कि इस एवलांच की घटना में केदारनाथ मंदिर को कोई नुकसान नहीं हुआ और न ही किसी  तीर्थयात्री को कोई नुकसान हुआ। इस बात की जानकारी श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने दी।

मंदिर के पास बर्फ का पहाड़ खिसकने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि  बर्फ का पहाड़ देखते ही देखते पूरी तरह ढह गया। बताया जा रहा है कि हिमखंड काफी बढ़ा था और बर्फ के धुएं का गुबार काफी दूर तक फैला रहा।   इस बारे में बात करते हुए डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि अभी स्थिति पूरी तरह से साफ नहीं हो पाई है। केदारनाथ में सबकुछ सामान्य है। मंदिर सहित आसपास के क्षेत्र में सब ठीक है। साथ ही मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी सामान्य है।

23 सितंबर को भी हुआ था हिमस्खलन

गौरतलब है कि बीते 23 सितंबर को भी मंदाकिनी नदी के उद्गम स्थल चोराबाड़ी से तीन किमी ऊपर हिमालय क्षेत्र में भारी बर्फबारी की वजह से ग्लेशियर  टूट कर गिरा था। इस ग्लेशियर पर ताजी बर्फ अधिक जम गई थी जिससे वह खिसक गई। विशेषज्ञ का कहना था कि ये पाउडर ग्लेशियर है।   उन्होंने इसे हिमालय क्षेत्र में होने वाली सामान्य घटना करार दिया था।

Related News