अखिलेश-मायावती ने दी श्रद्धांजलि ,यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का निधन.

img

लखनऊ/नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार शाम लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वह 89 वर्ष के थे. संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) द्वारा शनिवार रात जारी बयान में कहा गया कि सिंह लंबे समय से बीमार थे और उनके अंगों ने धीरे-धीरे काम करना बंद कर दिया जिससे शनिवार शाम उनका निधन हो गया. कल्याण सिंह के निधन के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती समेत प्रदेश के कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है.

कल्याण सिंह के निधन पर अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल श्री कल्याण सिंह जी का निधन हृदय विदारक! दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे भगवान. विनम्र श्रद्धांजलि!

वहीं, मायावती ने कहा, भाजपा के कद्दावर नेता व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के निधन की खबर अति-दुःखद. उनके परिवार व समर्थकों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना. कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे.

अशोक गहलोत ने जताया शोक
राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है. मिश्र ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनका निधन राजनीति के एक युग का अवसान है. मिश्र ने उन्हें याद करते हुए कहा कि राजनीति की वह बड़ी शख्सियत ही नहीं थे बल्कि वह ऐसे जननेता थे जिन्हें जनता मन से प्यार करती थी.

 

Related News